समीक्षा बैठक में अपराध नियंत्रण और जन शिकायतों के त्वरित निपटारे पर आईजी का जोर

बोकारो: बोकारो में अपराध नियंत्रण और जनता की समस्याओं के प्रभावी समाधान को लेकर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय सभागार में जिले के पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों को संगठित अपराध पर सख्ती से अंकुश लगाने तथा आम लोगों की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने का निर्देश दिया गया।

पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि जनता कठिन परिस्थितियों में पुलिस के पास पहुंचती है, इसलिए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने को कहा।

गैंगस्टर प्रिंस खान के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अपराधियों का नेटवर्क धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है और उसके सहयोगी लगातार गिरफ्तार होकर जेल पहुंच रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही उसके आपराधिक नेटवर्क पर भी पूरी तरह अंकुश लगा लिया जाएगा।

बैठक में पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र से लापता हुई पुष्पा से जुड़े मामले का भी उल्लेख किया गया। पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि इस प्रकरण में राज्य के पुलिस महानिदेशक और बोकारो पुलिस अधीक्षक को उच्च न्यायालय में उपस्थित होना पड़ा, जो गंभीर विषय है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो और गुमशुदगी जैसे मामलों में तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने बताया कि जिले में हाल ही में कई डीएसपी का स्थानांतरण हुआ है और नए अधिकारियों ने पदभार संभाला है। नई टीम के साथ आयोजित यह पहली समीक्षा बैठक थी, जिसमें अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।