बोकारो। ओएनजीसी सीबीएम एसेट बोकारो ने निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत गोमिया प्रखंड के विभिन्न पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में नदी, तालाबों एवं अन्य जलस्रोतों की सफाई अभियान चलाया। परिसंपत्ति प्रबंधक राजीव कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत गोमिया, होसिर पूर्वी, सियारी, ढेंढे बस्ती, बिरसा ग्राम, तेनुघाट डैम, महली बांध और खजुरिया सहित कई स्थानों पर सफाई की गई।

अभियान के दौरान नदी-तालाबों के घाटों और आसपास के क्षेत्रों से कचरा एवं प्लास्टिक अपशिष्ट हटाया गया। इसका उद्देश्य जलस्रोतों को स्वच्छ रखने के साथ आसपास के क्षेत्रों में साफ-सुथरा और सुरक्षित वातावरण विकसित करना है।
ओएनजीसी सीबीएम परिसंपत्ति झारखंड में बोकारो के गोमिया, परबतपुर और झरिया के अलावा हजारीबाग के बड़कागांव स्थित नॉर्थ करनपुरा ब्लॉक में कोल बेड मीथेन गैस के अन्वेषण एवं उत्पादन का कार्य कर रही है।
