बोकारो : अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से जुड़े अपराधों की रोकथाम, त्वरित कार्रवाई और प्रभावी अनुसंधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बोकारो पुलिस ने सभी थाना प्रभारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 तथा उसके 2015 और 2018 के संशोधनों के विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान एफआईआर दर्ज करने, अनुसंधान, आरोप पत्र दाखिल करने, गिरफ्तारी, जमानत, अपील, मुआवजा और पीड़ितों के अधिकारों से संबंधित कानूनी प्रक्रियाओं को विस्तार से समझाया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अधिनियम का क्रियान्वयन पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
इसके अलावा सिविल अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1955 के तहत अस्पृश्यता, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर जातिगत भेदभाव जैसे मामलों में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) द्वारा दिए गए इस प्रशिक्षण में जिले के सभी थाना प्रभारी और पुलिस निरीक्षक ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए तथा अधिनियम के प्रभावी अनुपालन का संकल्प लिया।
