ओएनजीसी सीबीएम बोकारो में नेतृत्व परिवर्तन, टी.आर. उन्नीकृष्णन नायर सेवानिवृत्त, राजीव कुमार सिन्हा बने नए सीबीएम

बोकारो : ओएनजीसी सीबीएम परिसंपत्ति, बोकारो के परिसंपत्ति प्रबंधक टी.आर. उन्नीकृष्णन नायर 31 मई 2026 को सेवानिवृत्त हो गए। उन्होंने 1 अप्रैल 2025 को इस पद का कार्यभार संभाला था। उनके कार्यकाल में हजारीबाग जिले के नॉर्थ करनपुरा ब्लॉक से गैस बिक्री की शुरुआत हुई, जिससे ओएनजीसी को राजस्व प्राप्त होने के साथ सरकार को रॉयल्टी भी मिलने लगी। वहीं बोकारो जिले के झरिया क्षेत्र में गैस मुद्रीकरण की दिशा में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई, जिससे निकट भविष्य में गैस बिक्री शुरू होने की संभावना है।

टी.आर. उन्नीकृष्णन नायर के नेतृत्व में ओएनजीसी ने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत ग्रामीण विकास, पेयजल, शिक्षा, हरित ऊर्जा, महिला एवं किशोरी स्वास्थ्य तथा जल संरक्षण से जुड़ी कई जनहितकारी योजनाओं का संचालन किया। एससी-एसटी कॉम्पोनेंट प्लान के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में कंप्यूटर लैब स्थापित किए गए तथा आवासीय विद्यालयों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई।

इस बीच 1 जून 2026 को राजीव कुमार सिन्हा ने ओएनजीसी सीबीएम परिसंपत्ति, बोकारो के नए परिसंपत्ति प्रबंधक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। 35 वर्षों से अधिक के अनुभव वाले सिन्हा ने मुंबई हाई, हाइड्रोकार्बन महानिदेशालय, नाजिरा और मेहसाणा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं में नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाई हैं। ओएनजीसी को उम्मीद है कि उनके तकनीकी और प्रबंधकीय अनुभव से बोकारो परिसंपत्ति नई उपलब्धियां हासिल करेगी और ऊर्जा क्षेत्र में अपना योगदान और मजबूत करेगी।