12 घंटे में चोरी का खुलासा, मास्टरमाइंड समेत दो गिरफ्तार

बोकारो : बालीडीह थाना क्षेत्र स्थित रेलवे कॉलोनी में बंद क्वार्टर का ताला तोड़कर चोरी की घटना का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में मास्टरमाइंड अमित कुमार सिंह समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चोरी गए सभी सामान भी बरामद कर लिए हैं।

मामला तब सामने आया जब रेलवे कॉलोनी निवासी बसंती देवी ने पुलिस को आवेदन देकर बताया कि उनकी पड़ोसी रिया मुखर्जी घर बंद कर बाहर गई थीं। रविवार सुबह उन्होंने क्वार्टर का ताला टूटा देखा। अंदर जाकर जांच करने पर घर से कई सामान चोरी होने की जानकारी मिली। आवेदन के आधार पर बालीडीह थाना में कांड संख्या 95/26 दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।

गठित टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए बालीडीह थाना क्षेत्र के कुर्मीडीह निवासी अमित कुमार सिंह और मदन कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके निशानदेही पर एचपी कंपनी का लैपटॉप, तीन स्टैंड पंखे, दो प्लास्टिक कुर्सियां, दो छोटी साइकिल, स्टेबलाइजर, फोल्डिंग बेड, प्लास्टिक ड्रम, बैग समेत अन्य सामान बरामद किया। चोरी में इस्तेमाल लोहे का रॉड भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार अमित कुमार सिंह का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *