वेदान्ता इलेक्ट्रो स्टील पर विधायक का घेराव, 13 सूत्री मांगें सौंपीं

चंदनकियारी के विधायक उमाकान्त रजक ने वेदान्ता इलेक्ट्रो स्टील लिमिटेड के खिलाफ उपायुक्त अजय नाथ झा को 13 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन की मनमानी के कारण रैयतों, मजदूरों और स्थानीय लोगों की समस्याओं की अनदेखी हो रही है, जिससे क्षेत्र में असंतोष बढ़ रहा है।

विधायक ने कहा कि प्लांट स्थापना के दौरान स्थानीय लोगों ने रोजगार और विकास की उम्मीद में अपनी जमीन दी थी, लेकिन उत्पादन शुरू होने के बाद उन्हें अपेक्षित लाभ नहीं मिला। मजदूरों के साथ भेदभाव, ठेका प्रथा, वेतन विसंगतियां और स्थानीय लोगों की उपेक्षा जैसे मुद्दे लगातार बने हुए हैं।

ज्ञापन में ग्रीवांस सेल के लंबित मामलों का 15 दिनों में निष्पादन, ठेका मजदूरों की पुनर्बहाली, समान काम के लिए समान वेतन, स्थानीय वेंडरों को प्राथमिकता, वेतन संशोधन, आकस्मिक मृत्यु पर 25 लाख रुपये मुआवजा और आश्रित को नौकरी, 100 प्रतिशत स्थानीय नियोजन तथा समयबद्ध प्रोन्नति जैसी मांगें शामिल हैं। इसके अलावा सीएसआर के तहत डिग्री कॉलेज, तकनीकी संस्थान, अस्पताल, स्टेडियम, पार्क, महिला प्रशिक्षण केंद्र और किसानों के लिए आधुनिक कृषि प्रशिक्षण व उपकरण वितरण की मांग भी उठाई गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक, एसडीओ चास और डीडीएमओ को मामले की सुनवाई कर आवश्यक कदम उठाने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *