देश-विदेश से पहुंचे एक लाख से अधिक श्रद्धालु, लुगु पहाड़ पर दिखा श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम
बोकारो : बोकारो जिले के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल लुगु पहाड़ पर आज सुबह से ही श्रद्धा और आस्था का अनुपम संगम देखने को मिला। बाबा लुगु बाबा के दर्शन के लिए देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार अब तक एक लाख से अधिक श्रद्धालु लुगु पहाड़ की कठिन चढ़ाई कर बाबा के दर्शन कर चुके हैं।
पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है। अहले सुबह से ही लुगु बाबा पुण्य थान परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुगण अपने पारंपरिक भजन-कीर्तन के माध्यम से अपनी गहरी आस्था व्यक्त कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में हुआ अभूतपूर्व प्रबंध
श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की जमकर प्रशंसा की है। श्रद्धालुओं ने बताया कि प्रशासन ने इस बार उनकी सुविधा के लिए अभूतपूर्व प्रबंध किए हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, खिचड़ी सेवा, पार्किंग स्थल और यातायात नियंत्रण की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित की है। भीड़ प्रबंधन को सुचारू बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
जिला प्रशासन की ओर से एक 24 घंटे सक्रिय नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, आपदा प्रबंधन दल और स्वयंसेवी संस्थाओं की टीमें सतर्क हैं। जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं भक्ति-भाव से सम्पन्न करने का अनुरोध किया है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी बुधवार को लुगुबुरु पहुंचकर लुगु बाबा के दर्शन-पूजन करेंगे।
बिछड़ों को मिलाएंगे 08 सूचना-सहायता केंद्र
लुगुबुरु घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने कुल 08 सूचना एवं सहायता केंद्र स्थापित किए हैं। इन केंद्रों को -हम बिछड़ों को मिलाते हैं, नाम दिया गया है। इनका मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता एवं जानकारी उपलब्ध कराना है। इन केंद्रों पर प्रशिक्षित कर्मियों को तैनात किया गया है। साथ ही, खोया-पाया रजिस्टर और लाउडस्पीकर/पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम की सुविधा भी है। उपायुक्त अजय नाथ झा ने अपील की है कि किसी भी परेशानी की स्थिति में आमजन निकटतम सहायता केंद्र से संपर्क करें।

टेंट सिटी परिसर में दिशोम गुरु की स्मृति में विशेष प्रदर्शनी
लुगुबुरु घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ महोत्सव 2025 के अवसर पर आदरणीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी की स्मृति में एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। टेंट सिटी परिसर में आयोजित इस प्रदर्शनी में दिशोम गुरु जी के जीवन, संघर्ष और जनसेवा की प्रेरणादायी यात्रा को दर्शाया गया है।
प्रदर्शनी में दुर्लभ छायाचित्र, दस्तावेज, सामाजिक आंदोलनों की झलकियां और झारखंड आंदोलन से संबंधित ऐतिहासिक सामग्री प्रदर्शित की गई है। इस आयोजन का उद्देश्य नव पीढ़ी को दिशोम गुरु के आदर्शों और सामाजिक योगदान से अवगत कराना है। जिला प्रशासन ने सभी से इस प्रदर्शनी का अवलोकन कर उनके जीवन संदेशों को आत्मसात करने का अनुरोध किया है।
