जहां कांग्रेस आती है वहां घोटाले होते हैं – जेपी नड्डा

भोपाल/रीवा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि जहां भी कांग्रेस की सरकारें रही हैं, उन्होंने आपस में लड़ने, बहानेबाजी करने और घोटाले करने के सिवाय कुछ नहीं किया। जो कमलनाथ 15 महीनों की सरकार में मुख्यमंत्री रहे, उनके रिश्तेदारों के करोड़ों रुपए के घोटाले पकड़े गए या नहीं? उनके ओएसडी के घर से करोड़ों रुपये बरामद हुए या नहीं? मतलब साफ है, जहां कमल खिलता है, वहां विकास होता है। जहां कांग्रेस आती है वहां घोटाला होता है। इसलिए आप सभी विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी को अपना आशीर्वाद दें। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को रीवा जिले के सिरमौर में विधानसभा प्रत्याशी दिव्यराज सिंह के समर्थन में सभा को संबोधित कर रहे थे।

श्री नड्डा ने कहा कि आने वाला चुनाव जीत-हार का चुनाव नहीं है। ये विधायक बनाने का चुनाव भी नहीं है। ये आपके हितों का चुनाव है। इस चुनाव में आपको इस बात का निर्णय करना है कि अगले पांच सालों तक कौन आपके हितों की रक्षा कर सकता है। इसलिए ये देखकर वोट मत कीजिए कि कौन आपकी जाति का है, आपके इलाके का है, आपकी भाषा बोलता है या आपका रिश्तेदार है। आपको अपने वोट का फैसला इस आधार पर करना है कि पांच सालों तक कौन सा व्यक्ति और कौन सी पार्टी आपके हितों की रक्षा और विकास कर सकते हैं। श्री नड्डा ने कहा कि आपने लोकसभा चुनाव में कमल खिलाया, जिससे देश में मोदीजी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी। आपके एक वोट से देश आगे बढ़ा है। श्री नड्डा ने कहा कि कोरोना संकट और यूक्रेन-रशिया के युद्ध के चलते जब सारी दुनिया की अर्थव्यवस्थाएं लड़खड़ा रही थी, यूरोप की, ब्रिटेन की, अमेरिका की, आस्ट्रेलिया की अर्थव्यवस्थाएं डगमगा गई थीं, मोदी जी के नेतृत्व में भारत पूरी मजबूती से खड़़ा रहा। हमने अर्थव्यवस्था के मामले में उन अंग्रेजों को भी पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने हम पर 200 साल शासन किया और 11 वें से पांचवें स्थान पर पहुंच गए। आप भाजपा को आशीर्वाद देंगे, केंद्र में मोदी जी की सरकार बनाएंगे, तो 2028 तक भारत तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

श्री नड्डा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय 97 प्रतिशत मोबाइल चाइना से आते थे, आज 97 प्रतिशत मोबाइल देश में ही बन रहे हैं। एप्पल का मोबाइल भी भारत में बन रहा है। इस्पात उत्पादन में भारत अग्रणी देश है और ऑटोमोबाइल सेक्टर में दुनिया का तीसरा देश है। दवाओं के मामले में तो भारत दुनिया की डिस्पेंसरी बन गया है। सबसे अच्छी और सबसे सस्ती दवाएं भारत में बन रही हैं। कोरोना संकट में हमने 100 देशों को दवाएं भेजी थीं, जिनमें से 48 देशों को तो मुफ्त में दवाएं दी थीं। श्री नड्डा ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का नाम सारी दुनिया में बढ़ रहा है। देश के 13.5 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, जो कुल आबादी का 12 प्रतिशत है। वहीं, आईएमएफ के अनुसार देश में अति गरीबी 1 प्रतिशत से भी कम रह गई है।

श्री नड्डा ने कहा कि मोदी जी के कार्यकाल में आदिवासी भाइयों के लिए बजट तीन गुना, एकलव्य विद्यालयों का बजट 22 गुना, स्कॉलरशिप का बजट ढाई गुना, उपयोजनाओं का बजट चार गुना बढ़ा है। मप्र में प्रति व्यक्ति आय 10 गुना बढ़ी श्री नड्डा ने कहा कि शिवराजसिंह चौहान के मुख्यमंत्रित्व काल में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 10 गुना बढ़ी है। मध्यप्रदेश का बजट 13 गुना बढ़ा है और ट्राइबल वेलफेयर का बजट 57 गुना बढ़ा है। स्वास्थ्य का बजट 26 गुना बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश में 83931 कि.मी. सड़कें 7 साल में बनी है। प्रदेश के 34 स्टेशनों का जीर्णोद्धार करके उन्हें वर्ल्ड क्लास बनाया जा रहा है। प्रदेश में 3 वंदे भारत ट्रेनें चलाई जा रही हैं। विंध्य एक्सप्रेस वे और नर्मदा प्रगति पथ बनाया जा रहा है।

लाडली लक्ष्मी योजना और लाडली बहना योजना के तहत बहनों की चिंता सरकार कर रही है। लाडली बहना योजना के अंतर्गत बहनों को 1250 रुपये प्रतिमाह दिये जा रहे हैं। -कांग्रेस के नेता मनी कलेक्टर श्री नड्डा ने कहा कि आपने जब कांग्रेस को चुना था, तो उसने घोटालों के सिवा क्या किया? कोयला घोटाला, अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला, 2-जी घोटाला, आदर्श हाउसिंग सोसाइटी घोटाला और ऐसे कई घोटाले कांग्रेस की सरकारों ने किए, जिसके चलते भारत की छवि एक भ्रष्टाचारी देश की बन गई थी। उन्होंने कहा कि चाहे कमलनाथ हों, भूपेश बघेल हों या अशोक गहलोत हों, ये लोग नेता या मुख्यमंत्री नहीं, कलेक्टर हैं। किसी जिले के नहीं, बल्कि ये अपने-अपने प्रदेशों से पैसा कलेक्ट करके दिल्ली दरबार को अर्पित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *