पटना में आयोजित होगा भव्य हनुमान जन्मोत्सव कार्यक्रम, अनुपमा यादव और अक्षरा सिंह देंगे प्रस्तुति

  • सुंदरकांड पाठ और भजन संध्या के साथ होगा हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन
  • अनुपमा यादव और अक्षरा सिंह बढ़ायेंगे समारोह की रौनक

पटना : हिंदू सेवा ट्रस्ट बिहार के तत्वावधान में इस वर्ष राजधानी पटना में दो दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं मुख्य संस्थापक श्री दीपक कुमार अग्रवाल ने आज यहां बताया कि कार्यक्रम के तहत एक अप्रैल को कंकड़बाग टेम्पो स्टैंड चौराहा पर एक हजार से अधिक हनुमान भक्तों द्वारा सुंदरकांड का सामूहिक पाठ किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि दो अप्रैल को सुबह हनुमान भक्त रक्तदान कर मानवता और देश सेवा का संकल्प दोहराएंगे। साथ ही मेगा हेल्थ चेकअप कैंप का भी आयोजन किया जाएगा। यह कैंप और रक्तदान शिविर सुबह आठ बजे से दिन के बारह बजे तक चलेगा।

शाम में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश की प्रख्यात गायिका अनुपमा यादव, निशा उपाध्याय, मनीषा श्रीवास्तव, सिने अभिनेत्री अक्षरा सिंह, रितेश पांडे, आनंद मोहन पांडे, विनोद गवार और दीपक तिवारी सहित कई नामचीन भजन गायक अपनी प्रस्तुति देंगे।

इस अवसर पर समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। इस वर्ष पहली बार हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर पटना के विभिन्न मोहल्लों और मंदिरों से भक्तों की टोली शोभायात्रा निकालकर कंकड़बाग टेम्पो स्टैंड पहुंचेगी, जहां भजन संध्या में शामिल होने के साथ ध्वजारोहण भी किया जाएगा।

श्री अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर राजधानी के सभी महावीर मंदिरों को सजाने और हनुमान पताका लगाने का कार्य किया जा रहा है। दक्षिण पटना को पूर्ण रूप से हनुमानमय बनाने की योजना है। शहर में बड़े पैमाने पर होर्डिंग, पोस्टर, गेट और तोरण द्वार लगाए जा रहे हैं। सभी प्रमुख मार्गों को हनुमान पताका से सजाया जा रहा है।

इसके लिए हनुमान नगर, चित्रगुप्त नगर, डिफेंस कॉलोनी, अशोक नगर, मछुआ टोली, नाला रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों के मंदिरों में संपर्क कर लोगों से उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *