तेल और गैस बचाओ: ओएनजीसी बोकारो की जागरूकता वॉकाथॉन

NAGADA : The Adiwasi Media

बोकारो : सीबीएम एसेट, ओएनजीसी, बोकारो द्वारा सक्षम 2026 के तहत ईंधन एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सक्षम (संरक्षण क्षमता महोत्सव) तेल एवं गैस क्षेत्र की कंपनियों द्वारा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशानुसार आयोजित वार्षिक जन-जागरूकता कार्यक्रम है। इस वर्ष 1 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक “तेल और गैस बचाओ, हरित ऊर्जा अपनाओ” थीम के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में 14 फरवरी 2026 को ईंधन संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से वॉकाथॉन का आयोजन किया गया। वॉकाथॉन प्रातः 8 बजे ओएनजीसी कार्यालय, नयामोड़ से शुरू होकर गांधी चौक तक गई और पुनः कार्यालय परिसर में समाप्त हुई। कार्यक्रम का नेतृत्व सीबीएम एसेट, ओएनजीसी, बोकारो के एसेट मैनेजर टी. आर. उन्नीकृष्णन नायर ने किया। उनके साथ एसेट सपोर्ट मैनेजर बिपिन कुमार, हेड वेल सर्विसेज विकास चंद्र सिंह तथा हेड फाइनेंस अक्षय कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

वॉकाथॉन में ओएनजीसी के अधिकारी और उनके परिवारजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए। प्रतिभागियों ने ईंधन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा से जुड़े संदेश लिखे प्लेकार्ड के माध्यम से आम लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम के माध्यम से ऊर्जा बचत और हरित ऊर्जा अपनाने का संदेश जनसामान्य तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।