पटना में बैंक ऑफ इंडिया ऑफिसर्स एसोसिएशन, बिहार इकाई की विशेष आम सभा का आयोजन 2026-29 कार्यकाल के लिए निर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण के अवसर पर महाराजा कमेशेश्वर कॉम्प्लेक्स स्थित होटल अलीना रिसोर्ट के सभागार में संपन्न हुआ। सभा में विजयी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई और संगठन की भावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का उद्घाटन फेडरेशन ऑफ बैंक ऑफ इंडिया ऑफिसर्स एसोसिएशन्स के राष्ट्रीय महासचिव नीलेश पवार, स्टेट बैंक अधिकारी संघ बिहार-झारखंड के महासचिव अमरेश विक्रमादित्य, महासचिव गणेश कुमार पांडे और चुनाव अधिकारी आशीष आनंद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। सभा की अध्यक्षता बिहार इकाई के नव निर्वाचित अध्यक्ष भवेश भारती ने की, संचालन पीयूष झा और रामशंकर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कोषाध्यक्ष संजीत कुमार रवि ने दिया।

सभा को संबोधित करते हुए नीलेश पवार ने बैंक अधिकारियों की मांगों पर सरकार के टालमटोल रवैये की आलोचना की और अधिकारियों से एकजुटता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जीत और हार का कोई विशेष महत्व नहीं होता, बल्कि संगठन की मजबूती और सामूहिक प्रयास ही असली ताकत है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रबंधन और सरकार पर संगठित दबाव बनाना आवश्यक है। यदि अधिकारी एकजुट रहेंगे तो उनकी मांगों की पूर्ति अवश्य होगी।
नीलेश पवार ने कहा कि देश के आर्थिक ढांचे को मजबूती देने में बैंकिंग क्षेत्र की केंद्रीय भूमिका है। इस क्षेत्र में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी का दायित्व है कि वह आम लोगों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ आर्थिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में योगदान दे। उन्होंने कहा कि बैंकिंग प्रणाली में आम जनता का विश्वास बनाए रखना और जमाकर्ताओं के हितों की रक्षा करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। किफायती और प्रभावी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना भी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने पाँच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, स्थानांतरण नीति में पारदर्शिता लाने और सभी रिक्त पदों पर शीघ्र बहाली की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि सरकार के समक्ष इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है और इन पर ठोस पहल की जरूरत है।
नव निर्वाचित महासचिव गणेश कुमार पांडे ने अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि वे संगठन और अधिकारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार इकाई आपसी सहयोग और एकता के बल पर देश में अग्रणी स्थान बनाए रखेगी।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ऑफिसर्स एसोसिएशन, बिहार-झारखंड इकाई एवं एआईबीओसी के बिहार इकाई के महासचिव अमरेश विक्रमादित्य ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बढ़ते कार्यभार और नए अधिकारियों की बहाली में हो रही देरी से उत्पन्न समस्याओं को मजबूती से उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी संगठन को और सशक्त बनाएगी।
चुनाव अधिकारियों ने विजयी पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। अध्यक्ष पद पर भवेश भारती, उपाध्यक्ष चंद्रमणि, महासचिव गणेश कुमार पांडे, उप महासचिव प्रमोद कुमार भारती, कोषाध्यक्ष संजीत कुमार रवि, उप कोषाध्यक्ष गुंजेश कुमार और संगठन सचिव सुमित रंजन निर्वाचित हुए। उप सचिव के रूप में भागलपुर से कुमार लक्ष्मण, गया से वीणा कुमारी, मुजफ्फरपुर से धीरज कुमार, पटना से संजीव सिंहा और सिवान से अमित कुमार ओझा चुने गए।
कार्यकारिणी सदस्य के रूप में भागलपुर से अमरदीप कुमार, विनायक प्रताप, अश्वनी कुमार और मनीष कुमार सिंह; गया से कुमार अनुपम, राजेश कुमार, संजय कुमार और पीयूष झा; मुजफ्फरपुर से विक्रांत कुमार, राजवर्धन, रवि प्रकाश और गोविंद कुमार; पटना से राजीव रंजन, राजेश कुमार, राम शंकर कुमार और ज्योत्सना; तथा सिवान से अतुल कुमार सिंह, अजय कुमार, विनय कुमार सिंह और अरुण कुमार यादव शामिल हैं।
सभा में वक्ताओं ने दोहराया कि बैंक अधिकारियों की मांगों को लेकर अब एकजुट होकर संघर्ष करने का समय है। संगठन ने संकेत दिया कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं हुई तो व्यापक स्तर पर रणनीति बनाई जाएगी।
