राष्ट्रीय प्रेस दिवस 2026 पखवारा के तहत ‘जिम्मेदार पत्रकारिता बनाम लोकलुभावन पत्रकारिता’ विषय पर परिचर्चा आयोजित
बोकारो। राष्ट्रीय प्रेस दिवस 2026 पखवारा के तहत गुरुवार को चास के तलगड़िया मोड़ स्थित होटल क्लार्क्स इन में ‘जिम्मेदार पत्रकारिता बनाम लोकलुभावन पत्रकारिता’ विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों और पत्रकारों ने मीडिया की बदलती भूमिका, निष्पक्षता, विश्वसनीयता, फेक न्यूज तथा प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय पर विचार रखे।
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी सूचना या प्रतिक्रिया का प्रसारित होना अपने आप में पत्रकारिता नहीं है। पत्रकारिता एक गंभीर जिम्मेदारी है, जिसका आधार तथ्यपरकता और निष्पक्षता है। पत्रकार का दायित्व निर्णय सुनाना नहीं, बल्कि वास्तविक तथ्यों और वस्तुस्थिति को समाज के सामने रखना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और मीडिया के काम करने के तरीके अलग हो सकते हैं, लेकिन दोनों का साझा उद्देश्य आम आदमी का हित होना चाहिए। प्रशासन की कमियों को सामने लाना व्यवस्था में सुधार का अवसर है। उन्होंने नकारात्मक खबरों के साथ समाज में सकारात्मकता और उम्मीद जगाने वाली खबरों को भी स्थान देने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने संवेदनशील मामलों में संयम और आत्मनियमन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नाबालिगों, पीड़ितों और संवेदनशील घटनाओं से जुड़ी खबरों में कानूनी प्रावधानों तथा गोपनीयता का ध्यान रखना जरूरी है। सांप्रदायिक तनाव, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में भ्रामक सूचनाएं नुकसान पहुंचा सकती हैं। पुलिस और मीडिया के बीच निरंतर संवाद और पारदर्शिता बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया से मिलने वाली सूचनाएं कई बार पुलिस कार्रवाई का आधार भी बनती हैं।
उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने मीडिया को प्रशासन की आंख और कान बताते हुए कहा कि प्रशासन हर जगह मौजूद नहीं रह सकता। दूर-दराज के क्षेत्रों की समस्याओं और वास्तविक स्थितियों को सामने लाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिम्मेदार पत्रकारिता और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय से पारदर्शी एवं जवाबदेह शासन व्यवस्था मजबूत होती है। प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को मीडिया के प्रति खुला और उत्तरदायी होना चाहिए तथा पत्रकारों की सूचनाओं संबंधी मांग पर यथासंभव त्वरित प्रतिक्रिया देनी चाहिए।
परिचर्चा में वरिष्ठ पत्रकार विजय झा, अजय अश्क, राहुल, दिनेश पांडेय आदि ने भी विचार रखे। उन्होंने खबरों के सत्यापन, मीडिया की विश्वसनीयता, फेक न्यूज की चुनौती और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने की जरूरत बताई। सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह ने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर सबसे पहले देना या उसे लोकलुभावन बनाना नहीं, बल्कि प्रमाणिक तथ्यों और जनहित को प्राथमिकता देना है।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, उप निदेशक पीआरडी रवि कुमार, जिला कोषागार पदाधिकारी गुलाब चंद उरांव, डीडीएमओ शक्ति कुमार सहित अन्य अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे। परिचर्चा का संचालन रवि कुमार ने किया।
