एमसीसी पालन पर सख्ती, मीडिया निगरानी के निर्देश

NAGADA : The Adiwasi Media

 

बोकारो : शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने समाहरणालय स्थित गोपनीय कार्यालय कक्ष में मीडिया कोषांग की समीक्षा बैठक कर निर्वाचन से जुड़ी प्रचार-प्रसार गतिविधियों, मीडिया समन्वय, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और Model Code of Conduct के अनुपालन की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि आगामी मतदान दिवस को लेकर व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए और प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक मतदाताओं तक संदेश पहुंचाया जाए। विशेष रूप से युवा, महिला और प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं को लक्षित करने पर बल दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार को जनसंपर्क विभाग का वरीय पदाधिकारी नामित किया गया। वे मीडिया समन्वय, प्रेस विज्ञप्ति निर्गत करने, प्रचार सामग्री के अनुमोदन और सूचना प्रसार की निगरानी करेंगी। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समय पर और सटीक सूचना आम जनता तक पहुंचाने का निर्देश दिया।

 मीडिया कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार को समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित सामग्री की नियमित निगरानी के लिए टीम गठित करने को कहा गया। सोशल मीडिया की सतत मॉनिटरिंग पर जोर देते हुए निर्देश दिया गया कि किसी भी भ्रामक, आपत्तिजनक या आचार संहिता उल्लंघन से जुड़ी सामग्री पर तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित प्राधिकार को सूचित किया जाए।

उपायुक्त ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन सुनिश्चित करने में मीडिया कोषांग की भूमिका अहम है, इसलिए सभी पदाधिकारी सजग और उत्तरदायी होकर दायित्व निभाएं। बैठक में शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी और सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।